वाटिका रोड स्थित गुलमोहर गार्डन शनिवार को रहस्यमयी ‘घोस्ट बुकिंग’ का केंद्र बन गया। यहां एक खाली फ्लैट से 4 घंटे में 200 से ज्यादा कैब बुक हुईं, लेकिन किसी भी ड्राइवर को सवारी नहीं मिली। दोपहर 3 से शाम 7 बजे के बीच फ्लैट नंबर W-166 से लगातार उबर ऐप पर बुकिंग होती रही और ड्राइवर लोकेशन पर पहुंचते रहे। हैरानी की बात यह है कि संबंधित फ्लैट खाली पड़ा है। ड्राइवरों के अनुसार इन नंबरों को ट्रेस भी नहीं किया जा सका। सभी ड्राइवरों ने बुकिंग नंबर पर कॉल किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड के अनुसार दोपहर 3 बजे से टैक्सियां आती रहीं और हर बार ड्राइवरों को बिना सवारी लौटना पड़ा। ऐप में पिकअप लोकेशन गुलमोहर गार्डन दिखाई गई, जबकि ड्रॉप लोकेशन अलग-अलग थीं। साइबर शरारत या संगठित फ्रॉड? एक ही लोकेशन से लगातार सैकड़ों बुकिंग होना सामान्य नहीं माना जा रहा। मामला साइबर शरारत या संगठित फ्रॉड की ओर इशारा करता है। संभावना है कि फेक अकाउंट या लोकेशन स्पूफिंग के जरिए बुकिंग की गई हो। बिना मजबूत वेरिफिकेशन के इतनी बड़ी संख्या में बुकिंग होना कैब एग्रीगेटर के सिस्टम पर भी सवाल खड़े करता है। तकनीकी सुरक्षा पर सवाल, जांच की जरूरत खाली फ्लैट से हुई इस ‘घोस्ट बुकिंग’ ने कैब सेवा की तकनीकी सुरक्षा और वेरिफिकेशन सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे सैकड़ों ड्राइवरों को सीधे आर्थिक नुकसान हुआ है।