श्रीगंगानगर| सागरवाला गांव निवासी 80 वर्षीय महानी बाई, पत्नी हेतराम की मंगलवार रात हत्या कर दी गई। मृतका के शव को दूर के रिश्तेदार रात 10:15 बजे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। यहां अस्पताल स्टाफ ने शव को मोर्चरी में रखवाया। मृतका के सिर पर कापे जैसे धारदार हथियार से किए गए हमले से करीब 4 सेमी लंबा और गहरा घाव है। इसके अलावा उसका एक पैर तथा हाथ भी चोट मारकर तोड़ दिया गया। गांव में पड़ोसियों के साथ झगड़े की प्रारंभिक सूचना मिली है। मृतका के बेटे के बारे में जानकारी मिली है कि वह सादुलशहर विधायक गुरवीर बराड़ के यहां चालक की नौकरी करता है। इस संबंध में चूनावढ़ पुलिस सूचना मिलने पर रात को गांव पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। हमलावरों की धरपकड़ में जुट गई। रात के ड्यूटी अधिकारी हैड कांस्टेबल श्रवण राठौड़ को कई बार फोन किए गए। उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस कारण यह पता नहीं चल पाया कि झगड़ा किस बात पर हुआ।