भंवरगढ़| कस्बे से गुजर रहे एनएच-27 पर शनिवार शाम को बाइक की टक्कर से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार छीपाबड़ौद निवासी सत्तू (50) पुत्र बलराम पंजाबी शनिवार शाम को सिलोरा धाम से दर्शन कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे कस्बे के समीप हाईवे पर अचानक एक गाय आ गई। जिससे उसकी बाइक सीधे गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार सत्तू पंजाबी के पैर में दो स्थानों पर फ्रैक्चर हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को कस्बे अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बारां रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।