कस्बे के हलैना रोड पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मारकर युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसा कुम्हेर गेट स्थित श्मशान घाट के पास हुआ। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, बाद में उसकी शिनाख्त भूपसिंह (40) पुत्र राम खिलाड़ी सैनी निवासी कुम्हेर गेट, वैर के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार वह करीब ढाई बजे साइकिल से खेत जा रहा था। उसके 1 बेटा और 2 बेटियां हैं। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर सीओ वीरेंद्र सिंह और तहसीलदार अरुण मीणा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुलवाया गया। शव को वैर अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमार्टम कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि शव करीब 20 फीट तक घिसटता गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साइकिल व कपड़ों से पहचान हुई। मृतक के भाई ने सड़क पर बिखरे शव के हिस्सों को समेटा। भास्कर इनसाइट - एक गाड़ी, 11 चालान: 6 बार ओवरस्पीडिंग में पकड़ा गया वाहन, 6 अभी भी हैं पेंडिंग सड़कों पर तेज स्पीड में वाहन संख्या HR-28-H-4852 पर अब तक कुल 11 चालान हो चुके हैं, जिनमें से रिकॉर्ड के मुताबिक सबसे ज्यादा 6 चालान केवल ओवर स्पीड के हैं। नियम तोड़ने का यह सिलसिला साल 2020 से लगातार जारी है, लेकिन अभी भी आधे से ज्यादा जुर्माना राशि जमा नहीं की गई है। परिवहन विभाग के रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि पहला चालान 16 मार्च 2020 को ₹2,000 का कटा था। इसके बाद रफ्तार पर लगाम नहीं लगी और 12 जुलाई 2021 को फिर ₹2,000 का दूसरा चालान हुआ। 29 अगस्त 2022 को तीसरा ओवर स्पीड चालान काटा गया।