भीलवाड़ा | पुर पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने धार्मिक स्थलों और मंदिरों को निशाना बनाने वाले शातिर नकबजन और 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश जगदीश कंजर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी राजसमंद और भीलवाड़ा के 4 थानों में वांटेड था। वह पिछले एक साल से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर भीलवाड़ा और राजसमंद पुलिस ने 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान के तहत पुर सीआई और डीएसटी प्रभारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुर पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर देवली गांव स्थित जरायमपेशा कौम के डेरों पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर देवली निवासी जगदीश पुत्र बंशीलाल कंजर को डिटेन किया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी जगदीश कंजर अपने साथियों के साथ मिलकर रात के समय मंदिरों के ताले तोड़ता था और वहां से सोने-चांदी के छत्र, आभूषण व नकदी चोरी करने का आदी है। गिरफ्तार आरोपी जगदीश कंजर के खिलाफ भीलवाड़ा और राजसमंद के विभिन्न थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं। इसमें आसींद और कुंवारिया थाने के वर्ष 2025 के मामलों में 5-5 हजार रुपए का इनाम है। वहीं कारोई और करेड़ा थानों में भी नकबजनी के मामलों में पुलिस को इसकी लंबे समय से तलाश थी।