बारां| विश्व शतरंज दिवस पर जिला शतरंज संघ ने रविवार को जिला स्तरीय अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता कराई। जिसमें बालक वर्ग में आहान पौराणिक ने खिताब जीता। बालिका वर्ग में अदिति सिंघल विजेता बनी। राजस्थान शतरंज संघ के उपाध्यक्ष प्रद्युम्न गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता शहर के कोटा रोड स्थित उच्च माध्यमिक स्कूल में हुई। टूर्नामेंट में 35 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कुल 5 राउंड खेले गए। दूसरे स्थान के लिए हर्षिल शर्मा, अक्ष बंसल, जलज गुप्ता, जांश जैन, विश्वजीत सिंह के 4-4 अंक रहे। टाई ब्रेकर में कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के आधार पर बालक वर्ग में हर्षिल शर्मा को दूसरा, अक्ष बंसल को तीसरा स्थान मिला। बालिका वर्ग में सोनाक्षी मीणा दूसरे, साक्षी मीणा तीसरे स्थान पर रहीं। दोनों वर्गों के विजेता और उपविजेता खिलाड़ी चित्तौड़गढ़ में 25 जुलाई से होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। पुरस्कार वितरण में व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा और योग प्रशिक्षक नीरज यादव अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि मोबाइल गेमिंग के दौर में शतरंज बच्चों की एकाग्रता और मानसिक शक्ति बढ़ाता है। अतिथियों ने विजेताओं को ट्रॉफियां दीं। सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता का संचालन चीफ आर्बिटर प्रमोद गौतम ने किया। गौरव चौरसिया सहयोगी आर्बिटर रहे। कार्यक्रम में ज्योत्सना तिवारी, कैलाश नरुका, इशु पौराणिक, परेश गाठाणी और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद थे।