आबूरोड शहर पुलिस ने हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर 3 अप्रैल को सुरेश कुमार नामक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, डेरी निवासी शुमाराम गरासिया ने 3 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि उसके जीजा सुरेश कुमार का पीछा कर उन पर डंडों और लाठियों से हमला किया गया और चाकू से चोटें पहुंचाई गईं। हमलावरों का इरादा जान से मारने का था। शुमाराम ने अपनी शिकायत में भारमाराम पुत्र पूना और पिंटू पुत्र पूना गरासिया निवासी मातादेवी, भाटनी तथा 2-3 अन्य लड़कों को नामजद किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसपी डॉ. पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह और उप अधीक्षक गोमाराम चौधरी के सुपरविजन में थानाधिकारी हरचंद देवासी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भारमाराम पुत्र पुनाराम निवासी ओर भाटनी और फंटूराम उर्फ पिंटा पुत्र पूनाराम गरासिया निवासी ओर भाटनी के रूप में हुई है।