अजमेर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कायड़ रोड की महेश कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपए का सामान पार कर ले गए। जानकारी के अनुसार पीड़ित नीरज साहनी का परिवार निजी कार्य से नोएडा गया हुआ था और करीब दो महीने से मकान बंद पड़ा था। जब परिवार वापस लौटा तो घर के ताले टूटे हुए मिले और अंदर का सामान बिखरा हुआ था। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर, नगदी सहित कपड़े, बर्तन और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार करीब 15 से 20 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है, जिसमें करीब 2 लाख रुपए नकद भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।