अजमेर में साइबर ठगों ने एक बार फिर नया तरीका अपनाते हुए मरीज को ही निशाना बना लिया। गूगल पर डॉक्टर का नंबर सर्च करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया, जब ठगों ने अपॉइंटमेंट के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर उसे जाल में फंसा लिया। लिंक के जरिए OTP और मोबाइल मैसेज का कंट्रोल हासिल कर आरोपियों ने बैंक खाते से 3 लाख 66 हजार 199 रुपए उड़ा लिए। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निजी अस्पताल के डॉक्टर का नंबर गूगल पर किया था सर्च पुलिस के अनुसार, अरिहंत कॉलोनी पुष्कर रोड निवासी मुकेश सुराणा (57) ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को बच्चे को दिखाने के लिए खाईलैंड मार्केट स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टर का नंबर गूगल पर सर्च किया। इस दौरान मिले मोबाइल नंबर पर कॉल करने के बाद उन्हें दूसरे नंबर से कॉल बैक आया। ठगों ने अपॉइंटमेंट के लिए एक प्रक्रिया बताकर व्हाट्सएप पर लिंक भेजा और उसमें जानकारी भरने को कहा। पीड़ित ने लिंक खोलकर डिटेल भर दी, हालांकि, 10 रुपए का यूपीआई भुगतान करने से मना कर दिया। SMS फॉरवर्ड कर खाते पर किया कब्जा घटना के कुछ दिन बाद 22 अप्रैल को मोबाइल पर 99,999 रुपए निकलने का मैसेज मिला। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि उनके मोबाइल के सभी बैंक SMS तीन संदिग्ध नंबरों पर फॉरवर्ड हो रहे थे। इसके बाद बैंक पहुंचकर खाता चेक कराया तो सामने आया कि 21 और 22 अप्रैल को पांच ट्रांजेक्शन में कुल 3.66 लाख रुपए निकाल लिए गए। 1930 पर शिकायत, खाते पर लगवाई रोक पीड़ित ने तुरंत बैंक में ट्रांजेक्शन रुकवाए और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच साइबर थाना पुलिस कर रही है।