अजमेर की आनासागर झील की बदहाल स्थिति, फैली दुर्गंध और जनस्वास्थ्य पर मंडरा रहे खतरे को लेकर 23 जुलाई को कांग्रेस का बंद रहेगा। पहले यह डेट 24 जुलाई निर्धारित थी। यह बदलाव 24 जुलाई को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की परीक्षा के कारण लिया गया है। इसकी जानकारी अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने दी। प्रवक्ता कमल वर्मा ने बतया- जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला प्रशासन को आनासागर की सफाई, झील से उठ रही दुर्गंध को समाप्त करने और इस संबंध में आवश्यक सभी काम पूरे करने की चेतावनी दी गई। लेकिन अभी तक कुछ नहीं किया गया, इसलिए अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में अजमेर बंद का आह्वान किया है। शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि आनासागर की दुर्दशा और प्रशासन की उदासीनता के कारण पूरे शहर में महामारी फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। प्रशासन को कई बार चेताने के बावजूद भी समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। शहर के सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारिक एसोसिएशनों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा अजमेर के प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क कर 24 जुलाई को प्रस्तावित अजमेर बंद को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की। आवश्यक सेवाओं को रखा जाएगा मुक्त जयपाल ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित अजमेर बंद के दौरान जनहित और मानव सेवा से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाओं को पूर्ण रूप से बंद से मुक्त रखा जाएगा। हॉस्पिटल, मेडिकल स्टोर, एंबुलेंस सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेंगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य आम नागरिकों को परेशानी में डालना नहीं, बल्कि प्रशासन को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास कराना और अजमेर को संभावित महामारी तथा आने वाले गंभीर स्वास्थ्य संकट से बचाना है। पढें ये खबर भी…