अजमेर में शादी का झांसा देकर लंबे समय तक रेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया- वह तलाक के बाद अपने परिजनों के साथ रह रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक से उसकी जान-पहचान हुई। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसाया और उसके साथ संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने गुपचुप तरीके से उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। आरोपी ने 9 वर्षों तक शादी का वादा कर उसका शोषण किया। इस बीच आरोपी ने किसी अन्य महिला से शादी कर ली, लेकिन इसके बावजूद वह पीड़िता को गुमराह करता रहा और उसे जल्द साथ रखने का आश्वासन देता रहा। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी की पत्नी ने पीड़िता और उसकी बेटी के मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो भेज दिए। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी से संपर्क किया, तो उसने बात करना बंद कर दिया। जब पीड़िता आरोपी के घर पहुंची तो उसने गाली-गलौज की और शादी से साफ इनकार कर दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।