अजमेर जिले में युवती को गर्म सरिए से दागने का मामला सामने आया है। युवती की मां का आरोप है कि कुछ लोग मेरी बेटी के अंदर डायन बताकर घर से उठाकर मंदिर में ले गए। वहां डायन निकालने के लिए गर्म सरिए से दाग दिया। विरोध करने पर मारपीट की। सूचना पर मैं पहुंची और बेटी को छुड़ाकर घर ले आई। मामला मांगलियावास थाना क्षेत्र का 4 जुलाई का है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 6 लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। युवती के पिता का कहना है कि आरोपी ने दावा किया कि मेरी बेटी के शरीर में डायन है और वह उसे निकालेगा। गर्म सरिए से दागने से बेटी नहीं जलेगी, बल्कि डायन जलेगी। युवती की मां ने 5 जुलाई की रात थाने में रिपोर्ट दी। गांव का सुखपाल कहता था कि तेरी बेटी में डायन है। इसे मैं निकाल कर रहूंगा। 4 जुलाई को मैं अपने खेत पर घास लेने गई थी। मेरे पति काम पर गए थे, बेटियां घर पर थीं। इसी दौरान काली पत्नी करतार, सुखपाल उर्फ सूरज, महेन्द्र पुत्र गोपाल, रेखा पत्नी कैलाश, सीमा पत्नी मेवा, रमती पत्नी अन्ना और गीता पत्नी स्व. गोपाल मेरे घर आए। ये सभी लोग मेरी बेटी को अपने साथ माताजी के मंदिर ले गए। मंदिर में इन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। महिला ने रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि सुखपाल ने बेटी के हाथ-पैर और माथे पर गर्म सरिए से दागा। बेटी से मारपीट की और उससे गाली-गलौज भी की। आरोपियों ने बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। बेटी के शरीर में डायन है पीड़ित युवती के पिता ने बताया कि आरोपी का दावा है कि मेरी बेटी के शरीर में डायन है और वह उसे निकालेगा। बेटी के साथ ऐसा करने (गर्म सरिए से दागने) से बेटी नहीं जलेगी, बल्कि डायन जलेगी। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। ASI हुकुम सिंह को मामले की जांच सौंपी गई है। प्रारंभिक जांच के आधार पर 6 लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया गया है।