अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में नसीराबाद रोड पर खड़ी एक इनोवा कार चोरी होने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने 26 और 27 अप्रैल की दरमियानी रात करीब 2 बजे पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। बदमाश क्रेटा कार में सवार होकर आए। महज एक मिनट में इनोवा लेकर फरार हो गए। दादा बाई कॉलोनी निवासी सर्वेश जैन ने अलवर गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित ने बताया- रोज की तरह अपनी इनोवा कार को लोको वर्कशॉप स्थित एसबीआई बैंक के सामने खड़ी करके घर चला गया था। पिछले करीब 8 साल से इसी जगह पर गाड़ी पार्क करता आ रहा था। रात करीब 2 बजे क्रेटा कार में सवार होकर आए चोरों ने पहले अपनी कार को इनोवा के पास सटाकर खड़ा किया। इसके बाद बिना बाहर निकले ही कार का कांच तोड़ दिया। कुछ ही सेकंड में लॉक सिस्टम को तोड़कर गाड़ी स्टार्ट कर ली। पूरी वारदात करीब 1 मिनट में पूरी कर आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह जब सर्वेश जैन गाड़ी लेने पहुंचे तो कार मौके से गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की तलाश में जुटी है।