अजमेर में मंगलवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आया। सुबह शुरू हुई रिमझिम दोपहर तक तेज बारिश में बदल गई। करीब डेढ़ घंटे की तेज बारिश हुई। लगातार बारिश से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। कई जगहों पर तीन फीट तक पानी भर गया। लोगों को आने-जाने में परेशान का सामना करना पड़ा। कई वाहन पानी में फंस गए और बंद हो गए। बच्चे पानी के बीच में से होकर स्कूल से घर आते दिखे। वहीं कई बच्चों को कंधे पर बैठाकर स्कूल ले जाते उनके पिता नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। सोमवार को 26.2 मिमी बारिश दर्ज होने के बाद जिले में अब तक 162.8 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो 7 जुलाई तक की सामान्य बारिश (92.5 मिमी) से 76% अधिक है। मौसम विभाग ने मंगलवार से अगले तीन दिन तक जिले में मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहले देखिए बारिश के बाद की ये PHOTO'S…… वाहन पानी में फंसे, कई जगह बंद पड़े मंगलवार सुबह मौसम में बदलाव के साथ शुरू हुई बारिश ने कुछ ही देर में रफ्तार पकड़ ली। करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर के निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर तीन से चार फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई रास्तों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के चलते कई दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंस गए। कई वाहनों के इंजन में पानी भरने से वे बीच सड़क पर ही बंद हो गए, जिससे जाम की स्थिति भी बनी। लोगों को वाहनों को धक्का लगाकर बाहर निकालना पड़ा। बारिश के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ी। मैयो स्कूल के पीछे धोलाभाटा रोड पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों को पानी के बीच होकर निकलना पड़ा। कई स्थानों पर जलभराव के कारण स्कूल पहुंचने में देरी हुई। नांदला सहित ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश नांदला सहित आसपास के गांवों में करीब आधे घंटे तक अच्छी बारिश हुई। नालों और रपटों में पानी का बहाव तेज हो गया तथा कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। बारिश से खेतों में नमी आने के बाद किसान खरीफ फसलों की बुवाई और अन्य कृषि कार्यों में जुट गए हैं। किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ी है। वहीं भूडोल गांव में करीब 10 मिनट की बारिश के बाद नागाजी महाराज मंदिर के पास पानी भर गया। जलभराव के बीच स्कूली बच्चों को पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा। ग्रामीणों ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। सामान्य से 76% ज्यादा बारिश, जुलाई की शुरुआत रही बेहतर मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह 8:30 बजे तक 26.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही 1 जून से अब तक जिले में कुल 162.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है। 7 जुलाई तक सामान्य बारिश 92.5 मिमी मानी जाती है, जबकि इस बार 162.8 मिमी बारिश हो चुकी है, यानी सामान्य से करीब 76 प्रतिशत अधिक। जुलाई के शुरुआती सात दिनों में ही 78.4 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जो मानसून की अच्छी रफ्तार का संकेत है। अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मंगलवार से गुरुवार तक जिले में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने के आसार हैं। सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम सुहावना बने रहने के संकेत हैं।