अजमेर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कायड़ रोड स्थित ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात सामने आई है। स्कूटी पर आए चोर ने दिनदहाड़े दुकान का शटर तोड़कर तिजोरी से 18 लाख कीमत का सोना और चांदी चोरी कर फरार हो गए। ज्वेलरी शॉप के पास में लगे सीसीटीवी में वारदात कैद हुई है। पीड़ित ने करीब 2 महीने पहले ही दुकान की ओपनिंग की थी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुभम कॉलोनी कायड़ रोड निवासी पीड़ित पवन कुमार सोनी ने बताया कि वह मूल रूप से डीडवाना कुचामन जिले के रहने वाले हैं। वर्तमान में अजमेर में रह रहे हैं। 2 महीने पहले ही उन्होंने श्री बालाजी ज्वेलर्स के नाम से शॉप की ओपनिंग की थी। 8 अप्रैल को दोपहर 1 बजे के करीब खाना खाने के लिए घर गया था। तभी दुकान पर ताला लगा हुआ था। जब 2:30 बजे दुकान पर पहुंचा तो एक साइड का शटर ऊपर उठा हुआ था। जब अंदर देखा तो तिजोरी में रखे हुए सोने के जेवरात और चांदी गायब मिली। पीड़ित ने बताया की तिजोरी का लॉक तोड़कर चोर ने करीब 10 तोला सोना और 700 ग्राम चांदी को चोरी कर लिया। वह कमर पर एक छोटा बैग बांदकर आया था। जिसमें वह 18 लाख के सोने चांदी चोरी कर फरार हुआ है। इसकी शिकायत उनकी ओर से सिविल लाइन थाने में दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।