अजमेर जिले में नाबालिग छात्राओं को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने छात्राओं की सोशल मीडिया आईडी हैक कर उनके अश्लील वीडियो तैयार किए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर गलत काम के लिए दबाव बनाया। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है। पीड़ित के अनुसार आरोपी लगातार छात्राओं को ब्लैकमेल कर रहा था और उनकी चैटिंग व वॉइस रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। आरोपी के साथ उसके कुछ साथी भी इस मामले में शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें एक युवती भी शामिल है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईटी एक्ट और पोक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।