अजमेर-पालनपुर रेलखंड पर फालना और बिरोलिया स्टेशनों के बीच RCC बॉक्स लॉन्चिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते रेलवे ब्लॉक लिया जा रहा है। इस निर्माण कार्य के कारण 30 अप्रैल से 2 मई तक 6 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इनमें 2 ट्रेनें कैंसिल रहेंगी, जबकि 4 ट्रेनों का रूट बदला जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि अजमेर मंडल में तकनीकी काम के चलते कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है। वहीं कई ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है। ये ट्रेनें रहेंगी कैंसिल जोधपुर-साबरमती (14821) - 30 अप्रैल और 1 मई को अपने शुरुआती स्टेशन से कैंसिल रहेगी। साबरमती-जोधपुर (14822) 1 मई और 2 मई को अपने शुरुआती स्टेशन से कैंसिल रहेगी। इन 4 ट्रेनों का बदलेगा रूट श्रीगंगानगर-बांद्रा टर्मिनस (14701) 30 अप्रैल को श्रीगंगानगर से रवाना होने वाली यह ट्रेन अजमेर-चित्तौड़गढ़-रतलाम-वडोदरा रूट से चलेगी। बदले हुए रूट पर ट्रेन भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नीमच और मंदसौर स्टेशन पर रुकेगी। हनुमानगढ़-दादर (14707) 1 मई को हनुमानगढ़ से रवाना होने वाली यह ट्रेन लूनी-भीलडी-महेसाना रूट से चलाई जाएगी। इस दौरान ट्रेन समदड़ी, जालोर, मारवाड़ भीनमाल, भीलडी और पाटन स्टेशन पर ठहराव करेगी। हडपसर-जोधपुर (20496) 30 अप्रैल को हडपसर से रवाना होने वाली यह ट्रेन महेसाना-भीलडी-लूनी रूट से चलेगी। बदले हुए मार्ग पर ट्रेन पाटन, भीलडी, मारवाड़ भीनमाल, जालोर और समदड़ी स्टेशन पर रुकेगी। साबरमती-जम्मूतवी (19223) 1 मई को साबरमती से रवाना होने वाली यह ट्रेन महेसाना-भीलडी-लूनी रूट से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन पाटन, भीलडी, मारवाड़ भीनमाल, जालोर और समदड़ी स्टेशन पर ठहराव करेगी। रेलवे ब्लॉक के कारण 30 अप्रैल से 2 मई तक ट्रेन संचालन प्रभावित रहेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि परेशानी से बचा जा सके।