बर्थ-डे पार्टी में गए परिवार के घर चोरी हो गई। सूने मकान को देखकर चोर घर में घुसे और करीब 5 लाख रुपए के सोने के जेवर और नकद चोरी कर ले गए। पड़ोसी ने दरवाजा खुला देखकर परिवार को सूचना दी। मामला अजमेर के रामगंज थाना क्षेत्र का है। पड़ोसी की सूचना पर घर वापस लौटा परिवार कंचन नगर स्थित हस्ती विहार कॉलोनी में रहने वाली महिला टीना ने बताया कि वह अपने पति राजेश बालोटिया, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और बच्चों के साथ बुधवार रात करीब 8 बजे अपने बड़े पापा के घर जन्मदिन की पार्टी में गई थी। घर से निकलते समय मुख्य दरवाजे पर ताला लगाया था। बारिश की संभावना को देखते हुए पड़ोसी को घर पर नजर रखने को कहा था। पड़ोसी रात में तीन बार घर देखने आई, तब तक ताला लगा हुआ था। चौथी बार जब वह खिड़की बंद करने पहुंची तो रसोई के पास का दरवाजा खुला मिला। इसके बाद उन्होंने फोन कर सूचना दी। अलमारी का लॉकर तोड़कर की चोरी महिला ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे घर पहुंचे तो अलमारी का लॉकर टूटा मिला। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब थी। चोरी हुए सामान में करीब दो तोला सोने की आड़, एक तोला सोने की चेन, बच्चों की दो जोड़ी सोने की बालियां, सोने का टीका व नथ, चांदी की पायल और 50 हजार रुपए नकद शामिल हैं। चोरी से करीब 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। परिवार का कहना है कि घटना की सूचना पर भी रामगंज थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करने पर पुलिस टीम पहुंची और घटना स्थल का मौका-मुआयना किया। परिवार ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है।