सरकार की ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग अजमेर की ओर से 4 विधानसभा के रथ रवाना किए गए। नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। चारों विधानसभा के रथों को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और कैबिनेट मिनिस्टर सुरेश रावत की ओर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकार की योजनाओं की देंगे जानकारी रथ ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर 13 विभागों की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। इस मौके पर कलेक्टर लोकबंधु, सूचना एंव जनसंपर्क विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर जिले के अलग-अलग विधानसभा इलाकों में राज्य सरकार की योजनाओं की गांव-गांव जाकर आम जनता को जानकारी दी जाएगी। दूर बैठे व्यक्ति को इसका लाभ मिले इसके लिए किशनगढ़, पुष्कर, नसीराबाद और केकड़ी विधानसभा का रथ रवाना किया गया है। इससे अजमेर की जनता को लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्री भगीरथ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आज राजस्थान भर में ग्रामीण क्षेत्र के अंदर योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए रथ रवाना किए गए हैं। सरकार की ओर से क्या काम किए गए और आने वाले समय में क्या काम होंगे इसकी भी जानकारी दी जाएगी।