अजमेर की रनर सूफिया सूफी ने कहा कि क्षेत्र कोई भी हो, जीवन में सफलता के लिए मजबूत मानसिकता और सकारात्मक सोच सबसे बड़ी ताकत होती है। खुद पर विश्वास रखें और कड़ी मेहनत करें। खेल एक ऐसी चीज है जो जीवन में किसी भी प्रकार की लत या हताशा से बाहर निकलने में मदद करती है। इसलिए शारीरिक वर्कआउट बेहद जरूरी है। उन्होंने अपनी 5 हजार किलोमीटर की दौड़ भारतीय सेना को समर्पित बताते हुए इसे देश के वीर जवानों के सम्मान का प्रतीक बताया। इस दौरान बच्चों और युवाओं से मोबाइल की लत से दूर रहने, खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। दरअसल, सोमवार को 5 हजार किलोमीटर की दौड़ पूरी कर गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की दिशा में आगे बढ़ रही सूफिया अजमेर पहुंचीं। इस दौरान सूफिया का हार्टफुलनेस संस्थान और टीम ग्रीन हार्टफुलनेस रन की ओर से पटेल स्टेडियम में अभिनंदन किया गया। अजमेर सहित पूरा राजस्थान स्पोर्ट्स कल्चर से दूर पत्रकारों से बात करते हुए सूफिया ने कहा कि स्पोर्ट्स का कल्चर अजमेर के साथ-साथ पूरे राजस्थान में नहीं है और इसे देखकर बढ़ा दुख होता है। आज के समय में बच्चे मोबाइल फोन में रील्स स्क्रॉल करने में लगे रहते हैं। उन्हें अपनी इस आदत और मानसिकता को बदलने की जरूरत है। वे जितना ज्यादा मोबाइल से दूर रहेंगे और शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान देंगे, उतना ही अपनी सेहत को बेहतर बना पाएंगे। अब तक 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुकी सूफिया इस दौरान उन्होंने कहा कि वे इन दिनों ‘रन अक्रॉस इंडिया'' अभियान के तहत कन्याकुमारी से लद्दाख के काराकोरम तक दौड़ रही हैं। अब तक वे 2900 किमी की दूरी तय कर चुकी हैं और आज अजमेर पहुंचीं हैं। वे अब तक पांच विश्व रिकॉर्ड बना चुकी हैं। यह उनका छठा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा। 12 मई को कन्याकुमारी से शुरू हुई दौड़ जुलाई में पूरा करने का लक्ष्य सूफिया ने बताया- 12 मई को कन्याकुमारी से दौड़ शुरू की थी। जुलाई तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। वे रोजाना 65 से 70 किलोमीटर दौड़ती हैं, जिसे पूरा करने में करीब 8 घंटे लगते हैं। उनकी दौड़ का उद्देश्य युवाओं को अपने सपनों के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है। उन्होंने अपनी यात्रा का हर किलोमीटर देश के वीर सैनिकों को समर्पित किया है। ---------------------------------- पढें ये खबर भी… राजस्थान की सूफिया 98 घंटे तक खतरनाक पहाड़ों पर दौड़ीं:गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम, पहले भी मनाली-लेह के रास्ते पर की थी रनिंग अजमेर की रनर सूफिया सूफी (40) ने एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। सूफिया सूफी ने हिमाचल प्रदेश के मनाली से लेह तक 430 किलोमीटर की दूरी 98 घंटे 27 मिनट में पूरी की। सूफिया सूफी इससे पहले 4 रिकॉर्ड बना चुकी हैं। (पूरी खबर पढ़ें…)