अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में चोरों ने रेलवे में कार्यरत टेक्नीशियन के घर को निशाना बनाया। घर में रखे कीमती गहने और कैश लेकर फरार हो गए।। दरअसल, परिवार शादी में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाकर ताला तोड़ दिया। कर्मचारी के भाई की रिपोर्ट पर अलवर गेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के भाई पूनम सिंह (69) ने बताया कि 24 अप्रैल को वे परिवार सहित ब्यावर शादी में गए थे। वापस लौटने पर घर के कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी भी टूटी हुई थी। उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी गायब थे। चोरी हुए सामान में सोने का नेकलेस, रखड़ी, सोने-चांदी की चेन, चांदी की पायल, नाक व कान के गहने समेत करीब दो हजार रुपए नकद शामिल हैं। घटना रात में हुई या दिन में, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले में अलवरगेट थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।