अलवर में तेज रफ्तार कार ने पहले पीछे से बाइक को टक्कर दी। इससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित क्रेटा कार ने सड़क किनारे खड़े पांच लोगों को टक्कर मार दी। इनमें 3 लोग गंभीर घायल हो गए। यह हादसा मालाखेड़ा में हल्दीना बाइपास के पास मंगलवार रात करीब 8 बजे हुआ। हादसे में कजोड़ (25) पुत्र रामदयाल सैनी निवासी बरखेड़ा, संतोष (30) पुत्र रमेश निवासी बरखेड़ा की मौत हो गई। वहीं घायलों में आरती पत्नी अशोक और अशोक पुत्र भगवान सहाय निवासी बैजुपाड़ा सहित तीन लोग अलवर अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। बाकी दो लोगों को हल्की चोटें आई हैं। इनका अलवर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज मालाखेड़ा के थाना अधिकारी हरदयाल सिंह यादव ने बताया- हल्दीना बाइपास पर अलवर से राजगढ़ की तरफ जा रही क्रेटा कार ने बाइक को टक्कर दी। बाइक पर कजोड़ (25) पुत्र रामदयाल सैनी निवासी बरखेड़ा, संतोष (30) पुत्र रमेश निवासी बरखेड़ा सवार थे। एक्सीडेंट के बाद दोनों को गंभीर हाल में मालाखेड़ा अस्पताल से अलवर रेफर कर दिया, लेकिन दोनों की मौत हो गई। वहीं कार ने सड़क किनारे खड़े 3 अन्य लोगों को कुचल दिया। जिन्हें तुरंत मालाखेड़ा अस्पताल भेजा। वहां से अलवर रेफर कर दिया। अब घायलों का इलाज चल रहा है।