अलवर के सरिस्का बाघ अभ्यारण में भर्तृहरि धाम मार्ग पर तीन लेपर्ड बकरी का शिकार करते दिखाई दिए। भर्तृहरि धाम मंदिर में दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं ने इसे कैमरे में कैद कर लिया। तीन दिन पहले भी इसी मार्ग के पास एक पैंथर दिखाई दिया था, जो बकरी का शिकार कर रहा था। बारिश के मौसम में भर्तृहरि धाम पर दिन-रात हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और कई पदयात्राएं भी आती हैं। यह पूरा इलाका घने जंगल से घिरा है, इसलिए यहां पैंथर, टाइगर और टाइग्रेस का मूवमेंट हमेशा बना रहता है। पहले देखिए PHOTOS… प्रशासन ने लोगों से की अपील वन्यजीवों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि धाम पर आने वाले श्रद्धालु सिर्फ दर्शन करें और मंदिर परिसर या धर्मशालाओं में ही रुकें। रात के समय जंगल की ओर या सड़कों पर बेवजह न घूमें। रात में वाहन चलाते समय लाइट को तेज (हाई-बीम) न जलाएं, इससे वन्यजीव विचलित हो सकते हैं। शिकार के वक्त पैंथर या टाइगर बेहद आक्रामक होते हैं और हमला कर सकते हैं। वन्यजीवों को देखकर रुकें नहीं और न ही उनके साथ छेड़छाड़ करें। पैदल आने वाले श्रद्धालु मुख्य मार्ग का ही इस्तेमाल करें, भूलकर भी जंगल के अंदर न जाएं।