अलवर में अगले हफ्ते विकास की बड़ी सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रात्रि विश्राम कार्यक्रम के दौरान अलवर पहुंचेंगे। इसके बाद अलवर और भिवाड़ी में करीब 1000 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। इनमें अलवर मेडिकल कॉलेज, रेलवे स्टेशन, मायनॉरिटी के हॉस्टल और विभिन्न एनिकट शामिल हैं। वहीं भिवाड़ी में एसटीपी प्लांट और गर्ल्स कॉलेज जैसे प्रोजेक्ट्स भी शामिल हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के साथ अलवर, भिवाड़ी समेत तीन जिलों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में NH-248 कॉरिडोर, पन्याला हाईवे, शाहपुरा-थानागाजी-मुंडावर मार्ग समेत कई सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। साथ ही अलवर, मुंडावर और बहरोड़ में नए बस स्टैंड, 50 ई-बस संचालन और आरआरटीएस को भिवाड़ी से अलवर तक लाने पर भी मंथन हुआ। भूपेंद्र यादव ने बताया- भर्तृहरि में एक महीने तक चलने वाले रात्रिकालीन नाटक को नाइट टूरिज्म से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। 15 मई को रेल मंत्री करेंगे नई इंडस्ट्रीज की शुरुआत केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया- पिछले दो सालों में करीब 1 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं। इनका उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इसके अलावा 15 मई को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भिवाड़ी में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के तहत नई इंडस्ट्रीज की शुरुआत करेंगे। वहीं अलवर रेलवे स्टेशन के 111 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट को भी आगे बढ़ाएंगे। भूपेंद्र यादव ने बताया- आने वाले समय में करीब 10 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स पर काम जारी है। बैठक में वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, विधायक बालकनाथ, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।