अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के श्रीराम कॉलोनी में 26 अप्रेल की रात को एक सूने मकान से 12 तोला सोना, 1 किलो चांदी, एक बुलेट बाइक चोरी हो गई। 3 दिन पहले उसके बगल के मकान से ढाई लाख रुपए की नकदी, लैपटॉप सहित कुछ जेवर चोरी हुआ। एक घर के अदंर से चोरी करते हुए का CCTV भी सामने आया है। श्रीराम कॉलोनी निवासी महेश चंद मीणा ने बताया कि वह 26 अप्रेल को गांव चला गया था। किराएदार युवती भी 27 अप्रेल को गांव चली गई थी। 29 अप्रेल को सुबह पड़ौसी को फोन किया कि घर में पानी का वॉल्व बंद करने को बोला। पड़ौसी जब घर में आया तो ताले टूटे मिले। पड़ौसी ने बताया कि घर में चोरी हो गई। उसके बाद यहां आकर देखा तो कमरे व अलमारियों के ताले टूटे मिले। घर के अंदर से करीब 12 तोला सोना, 1 किलो चांदी व एक बुलेट बाइक भी चोरी हो गई। पुलिस को रिपोर्ट दी है। लेकिन अभी चोरों का कोई पता नहीं चल सका है। इसी कॉलोनी के निवासी रामबाबू मीणा के घर में 22 अप्रेल को चोरी हो गई। एक चोर सीसीटीवी में भी नजर आया है। रामबाबू मीणा के भाई हजारी लाल ने बताया कि गांव में उनके परिवार में शादी थी। पूरा परिवार शादी में गया था। पीछे से 22 अप्रेल की रात को एक युवक घर में दीवार कूदकर घुसा है। जिसने लोहे की रॉड से ताले तोड़े हैं। उसके बाद कमरे के अंदर घुसकर अलमारी से करीब ढाई लाख रुपए नकद, 50 हजार रुपए के जेवर व लैपटॉप चोरी कर ले गया। घर के अंदर चेारी करते हुए का सीसीटीवी भी है। जिसमें चोर नजर आया है। यह पूरी जानकारी पुलिस को दी है। मौके पर पहुंची अलवर पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत है।