अलवर के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीएम हाउस में समीक्षा बैठक कर स्थानीय नेताओं से फीडबैक लिया। इस दौरान दो साल में हुए विकास कार्यों की पुस्तिका का विमोचन भी किया गया और विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अलवर शहर में पिछले दो वर्षों में हुए विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। बैठक में वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, अलवर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, दिनेश गुप्ता सहित चारों मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। सीएम ने की वन विभाग की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा इससे पहले मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की। सीएम हाउस में आयोजित इस बैठक में ‘हरियालो राजस्थान’, ‘नमो नर्सरी’ जैसी योजनाओं के साथ विभिन्न विभागों के बजट कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। सरकार के कार्यों को लेकर आमजन की प्रतिक्रिया भी जानी सीएम भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को उसका लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से सरकार के कार्यों को लेकर आमजन की प्रतिक्रिया भी जानी और सुझावों पर गंभीरता से विचार करने की बात कही। विकास कार्यों में तेजी लाना ही प्राथमिकता बैठक के दौरान काफी देर तक चर्चा चली, जिसमें अलवर से जुड़े बड़े विकास कार्यों और आगामी योजनाओं पर भी मंथन किया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में तेजी लाकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की प्राथमिकता है।