‘हम तो गांव-गांव से आए हैं, जन कल्याणी योजना लाए हैं...’ 'एक स्कीम ऐसी खुशियों की आस, पेंशन बढ़कर कर दी तेहरै सौ पचास...' ये गीत अलवर में भपंग कलाकारों ने कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला और अधिकारियों व कर्मचारियों के सामने सुनाए। मौका सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए ग्राम रथ रवाना करने का था। कलेक्टर ने 5 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 5 ग्राम रथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किए। 13 विभागों की योजनाओं की देंगे जानकारी कलेक्टर ने बताया कि जिले के अलवर ग्रामीण, रामगढ़, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, कठूमर और थानागाजी क्षेत्र में अलग-अलग ग्राम रथ भेजे गए हैं। विकसित भारत ग्राम रथ 15 दिनों तक अलग-अलग जगहों पर रुक-रुककर 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी देंगे। ये रथ जहां जाएंगे, वहां के एसडीएम और तहसीलदार रिसीव करेंगे। जहां रुकेंगे वहां संध्या चौपाल होगी। इनके जरिए सरकार की योजनाओं को आमजन तक लेकर जाना है। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सकें। कलेक्टर बोलीं-प्रशासन-आमजन के बीच संवाद होगा मजबूत विकास रथों के माध्यम से लोगों को ऑडियो-वीडियो, पोस्टर और प्रचार सामग्री के जरिए योजनाओं, उपलब्धियों और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मिनी सचिवालय में अधिकारी, कर्मचारी और आमजन भी मौजूद रहे। इस मौके पर पतंगबाजी भी हुई। कलेक्टर आर्तिका शुक्ला का मानना है कि यह पहल प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करेगी।