अलवर शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने कोतवाली थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। अलवर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सीओ सिटी अंगद शर्मा को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा- हाल ही खदाना मोहल्ले में बुजुर्ग व्यापारी की हाथ-पैर बांधकर हत्या कर दी गई। वहीं, डबल फाटक के पास जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर में डकैती जैसी गंभीर वारदात हुई। उनका आरोप है कि शहर में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आमजन खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बोले- लगातार बढ़ रहीं वारदातें जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा- व्यापारी की हत्या, चाकूबाजी और अधिकारी के घर डकैती जैसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रात में पुलिस गश्त प्रभावी नहीं है। नशाखोरी बढ़ रही है और तय समय के बाद भी शराब की बिक्री हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराध रोकने में पूरी तरह सफल नहीं रही है। सभी मामलों का जल्द खुलासा करने की मांग प्रकाश गंगावत ने कहा- खदाना मोहल्ला हत्याकांड में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ लिया। इसके लिए पुलिस की सराहना की जा सकती है। वहीं डबल फाटक स्थित जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर हुई डकैती सहित कई अन्य मामलों में अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। उन्होंने इन मामलों का जल्द खुलासा करने और शहर में प्रभावी कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।