अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र स्थित तिजारा पुलिया के पास बीती रात घरेलू विवाद के चलते एक वेल्डिंग कारीगर ने पत्नी को लोहे की रॉड से पीटा। हमले में महिला के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला की बहन उसे अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़ित महिला शबनम (38) ने बताया कि उसका पति रामावतार सैनी (32) वेल्डिंग का काम करता है और आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। बीती रात वह घर पर अपनी बच्ची और बहन के साथ मौजूद थी। इसी दौरान रामावतार बाहर से आया और बिना कुछ कहे अचानक लोहे की रॉड से उसके हाथ और पैरों पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। 'पुलिस ने कहा- पहले अस्पताल जाओ' पीड़िता ने बताया कि जब झगड़ा शुरू हुआ तो शिवाजी पार्क थाना पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और फोन पर कहा कि "पहले अपना इलाज कराओ, फिर रिपोर्ट दे देना।" पुलिस के न पहुंचने का फायदा उठाकर आरोपी पति रामावतार मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने कहा कि उसका पति कहता है कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। फिलहाल पीड़िता अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस अब मामले की जांच की बात कह रही है। महिला ने कहा कि वह पहले भी कई बार मारपीट कर चुका है। लेकिन उसे पुलिस का डर नहीं है। इस मामले में शिवाजी पार्क थाना पुलिस का कहना है कि महिला की रिपोर्ट लेकर सख्ती से कार्यवाही की जाएगी।