अलवर के एनईबी थाना पुलिस ने ज्वेलर से बैग छीनने और ज्वेलर्स की दुकान में हुई चोरी के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस मास्टरमाइंड और एक नाबालिग को पकड़ चुकी थी। मन्नाका रोड स्थित गोविंद ज्वेलर्स में करीब एक महीने पहले हुई इस वारदात में चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर सोना-चांदी पार कर लिया था और दुकान में तोड़फोड़ भी की थी। जांच में सामने आया कि आरोपी सचिन उर्फ लव्वा (19) निवासी मीणापुरा ने पहले दुकान की रेकी की। इसके बाद जब दुकान मालिक ओमप्रकाश सोनी रात में बैग लेकर साइकिल से घर जा रहे थे, तब सचिन और उसके नाबालिग साथी ने बैग लूट लिया। बैग में नकदी की जगह केले और दुकान की चाबियां मिलने पर आरोपियों ने चोरी की योजना बनाई। इसके बाद सचिन ने अपने साथी अमित मीणा (24) और राहुल मीणा (25) को बुलाया और चारों ने मिलकर दुकान खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के दौरान पास में रहने वाली एक महिला के घर को बाहर से लॉक कर दिया गया था, ताकि कोई बाहर न निकल सके। आरोपियों के कब्जे से 300 ग्राम चांदी बरामद एनईबी थाने के एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पहले ही सचिन और नाबालिग को पकड़ लिया था। फरार चल रहे अमित और राहुल मीणा को मंगलवार को मंडी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया, जब वे ट्रेन से आकर बस के जरिए गांव जाने की फिराक में थे। दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पीसी रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 300 ग्राम चांदी भी बरामद की है। ------------ मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… पहले ज्वेलर का बैग लूटा, फिर दुकान से गहने चोरी:एक किलो चांदी और 5 ग्राम सोना लेकर फरार, पुलिस की सुस्ती के चलते वारदात अलवर के NEB थाना क्षेत्र में मन्नाका रोड पर गोविंद ज्वेलर्स के मालिक ओमप्रकाश सोनी से तीन युवक मंगलवार रात आठ बजे बैग लूट ले गए। रात एक बजे पता चला कि वहीं बदमाश ज्वैलर की दुकान खोलकर 5 ग्राम सोने के जेवर व 1 किलो चांदी चोरी कर ले गए। जब दुकानदार से बैग लूटा तब पुलिस को शिकायत दी। लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। पुलिस की सुस्ती के कारण वही बदमाश रात को दुकान साफ कर ले गए।(पूरी खबर पढ़ें…)