किशनगढ़बास के भूर पहाड़ी गांव में 2 बीघा जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद बुधवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि तैयब, साबू और उनके परिवार ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में हुसैन और उनके परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत किशनगढ़बास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित हुसैन के अनुसार, विवाद की जड़ 2 बीघा जमीन है। उन्होंने बताया कि उनके खेत में हरा चारा खड़ा था, जिसे दूसरे पक्ष ने कब्जा करने की नीयत से जबरन जोतना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। हुसैन ने आरोप लगाया कि वे लोग पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनके पास धारदार हथियार थे और उनका इरादा जान से मारने का था। उन्होंने न सिर्फ हमारा चारा बर्बाद किया, बल्कि परिवार पर बेरहमी से हमला किया।” प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और पत्थर भी चले, जिससे कई लोग घायल हुए। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही किशनगढ़बास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी घटना की पूरी जानकारी जुटा रहे हैं। मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई।