अलवर में गुरुवार को अचानक मकान की कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई, जिससे पास में खड़ा एक युवक मलबे में दब गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में मालाखेड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। ट्रॉमा वार्ड में युवक का इलाज जारी है। घटना लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के बरखड़ा गांव में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे की है। घायल जगदीश कुमार एमआईए (MIA) स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। चिल्लाने की आवाज सुन दौड़े परिजन परिजन सुनील कुमार ने बताया कि बुधवार को इलाके में अच्छी बारिश हुई थी, जिसके कारण उसके घर की एक कच्ची दीवार काफी कमजोर हो गई थी। गुरुवार को जगदीश उसी दीवार के पास खड़ा था, तभी अचानक पूरी दीवार भरभराकर उसके ऊपर आ गिरी। दीवार गिरते ही जगदीश मलबे में दब गया और चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर जगदीश को बाहर निकाला। मालाखेड़ा से अलवर किया रेफर परिजन आनन-फानन में गंभीर हालत में जगदीश को मालाखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए तुरंत अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, युवक को अंदरूनी चोटें आई हैं।