अलवर जिला अस्पताल में पीएमओ बदलने के फैसले को लेकर सैनी समाज में नाराजगी बढ़ गई है। समाज के लोगों ने सरकार पर जातिवाद के आरोप लगाते हुए इस फैसले का विरोध किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति नहीं बदली गई तो आने वाले निकाय चुनावों में इसका जवाब दिया जाएगा, जिससे मामला अब सियासी रंग लेता नजर आ रहा है। दरअसल, 31 मार्च को जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुनील चौहान के रिटायर होने के बाद 1 अप्रैल से राज्य सरकार के आदेशानुसार डॉ. पीसी सैनी को पीएमओ पद पर नियुक्त किया गया था। सैनी समाज के कुछ प्रतिनिधियों का कहना है कि यह उनके समाज के लिए पहली बार ऐसा अवसर था, जब कोई व्यक्ति इस महत्वपूर्ण पद पर पहुंचा था। लेकिन महज कुछ ही दिनों बाद 7 अप्रैल को सरकार ने आदेश बदलते हुए डॉ. प्रवीण शर्मा को पीएमओ नियुक्त कर दिया, जिससे समाज में नाराजगी और बढ़ गई। वन मंत्री पर लगाया आरोप सैनी समाज के अध्यक्ष रमेश चंद सैनी ने आरोप लगाया कि वन मंत्री संजय शर्मा ने उनके समाज के साथ भेदभाव किया है। उन्होंने कहा कि अगर पहले से ही डॉ. प्रवीण शर्मा को नियुक्त करना था तो उनके समाज के व्यक्ति को यह पद क्यों दिया गया। यह सीधा-सीधा जातिवाद है। इस फैसले का निकाय चुनावों में समाज के लोग देंगे जवाब समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि इस फैसले का असर आने वाले पंचायती राज और निकाय चुनावों में देखने को मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वे इस मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से भी बात करेंगे और उसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। समाज ने यह भी कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे विरोध को और तेज करेंगे