अलवर में मानसून की एंट्री के छठे दिन मंगलवार सुबह से आसमान पर घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई हैं। हालांकि मानसून के जिले में प्रवेश करने के बाद भी अब तक अच्छी बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो दिनों से धूप खिलने और हवा नहीं चलने के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है, जिससे लोग पसीने से तरबतर नजर आ रहे हैं। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश की कमी का सबसे अधिक असर किसानों पर दिखाई दे रहा है। जिले के अधिकांश किसानों ने खरीफ फसलों की बुआई पूरी कर ली है और कई क्षेत्रों में बाजरे के पौधे भी निकलने लगे हैं। इन फसलों की अच्छी बढ़वार के लिए अब नियमित बारिश बेहद जरूरी है। जिले के कुछ इलाकों में मानसून की शुरुआती बारिश हुई, लेकिन कई क्षेत्र अब भी अच्छी बरसात का इंतजार कर रहे हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार 7 से 10 जुलाई तक अलवर जिले में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों व पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। वहीं 11 और 12 जुलाई के लिए जिले में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यदि दिन में अच्छी बारिश होती है तो तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।