अलवर नगर निगम क्षेत्र में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर रविवार को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर लोग अपना नाम वोटरलिस्ट में चेक कर सकेंगे और यदि नाम नहीं है तो वहीं जुड़वाने का भी मौका मिलेगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिक मतदान प्रक्रिया से जुड़ सकें। दरअसल, जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं है, उन्हें पता भी चलेगा कि उनका नाम है या नहीं। इसी कैम्प में मतदाता फोटोयुक्त मतदाता सूची में अपना नाम चेक करने, सूची में नाम नहीं होने की स्थिति में नाम जुडवाने के लिए आवेदन भी कर सकते हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, नगर निकाय आम चुनाव-2026 के लिए नगर निगम अलवर के समस्त वार्डों की निर्वाचक नामावलियां तैयार की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम के 65 वार्डों के लिए निर्धारित समस्त मतदान केंद्रों पर 5 अप्रैल 2026 को विशेष कैंप का आयोजन होगा। मतदान केंद्रों पर दावे और आपत्तियां होंगी दर्ज निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नगर निगम आम चुनाव एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर बीना महावर ने बताया कि विशेष कैम्प में नगर निगम अलवर के समस्त प्रगणक अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। वोटर लिस्ट में कर सकते हैं अपना नाम चेक उन्होंने बताया कि इस दौरान मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंच कर प्रगणक के पास उपलब्ध फोटोयुक्त मतदाता सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं। सूची में नाम नहीं होने की स्थिति में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही नाम कटवाने अथवा संशोधन करवाने के लिए भी संबंधित प्रगणक को फॉर्म भरकर जमा करवा सकते हैं।