अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा बख्तल की चौकी स्थित डेयरी के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान आकाश वर्मा (19) पुत्र दयानंद वर्मा, निवासी केसरोली के रूप में हुई है। पड़ोसी शक्ति सिंह बागड़ी ने बताया कि आकाश घर से अलवर शहर की ओर आ रहा था। इसी दौरान करीब दोपहर 12 बजे बख्तल की चौकी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आकाश ने हाल ही में 12वीं कक्षा 65 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी और आगे ग्रेजुएशन की तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों में से एक था। उसके पिता मजदूरी करते है। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं, पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान कर उसे जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।