अलवर में एक अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसा बख्तल की चौकी स्थित डेयरी के पास हुआ। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आकाश वर्मा (19) पुत्र दयानंद वर्मा, निवासी केसरोली के रूप में हुई है। बख्तल की चौकी के पास हुआ हादसा पड़ोसी शक्ति सिंह बागड़ी ने बताया- आकाश घर से अलवर शहर की ओर आ रहा था। दोपहर करीब 12 बजे बख्तल की चौकी के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आकाश ने हाल ही में 12वीं कक्षा 65 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी और आगे ग्रेजुएशन की तैयारी कर रहा था। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। वहीं, पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान कर उसे जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।