अलवर में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा (2025) 5 और 6 अप्रैल को होगी, जिसके लिए 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार जूते नहीं पहन सकेंगे, उन्हें केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा हॉल में प्रवेश मिलेगा। साथ ही, परीक्षा के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है, जिसके अनुसार पुरुष और महिला उम्मीदवारों को कपड़े पहनने होंगे। पुलिस इस परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के और नकल से मुक्त कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है। शनिवार को पुलिस लाइन में सभी अधिकारियों और कांस्टेबल को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी ASP प्रियंका रघुवंशी ने बताया- अलवर में 64 परीक्षा केंद्रों पर सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा, जिसमें परीक्षा केंद्र में केवल चप्पल पहनकर जाना शामिल है। इस भर्ती परीक्षा में नकल या फर्जी उम्मीदवार की जानकारी देने वाले को एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की तरफ से 1 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। यह निर्णय एडीजी, एसओजी, जयपुर द्वारा लिया गया है। अगर किसी के पास इस संबंध में कोई जानकारी है, तो वे मोबाइल नंबर 9829934822 (पुलिस कंट्रोल रूम, अलवर), नजदीकी पुलिस स्टेशन, या हेल्पलाइन नंबर 100 पर दे सकते हैं। इसके अलावा, एसओजी के व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9530429258 पर मैसेज के जरिए भी सूचना दी जा सकती है। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। परीक्षा के एक घंटे पहले कर दिया जाएगा प्रवेश अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने बताया- परीक्षा देने वाले सभी लोग अपना एडमिट कार्ड, एक फोटो और पहचान पत्र (आईडी) ज़रूर लाएं। साथ ही, जो कपड़े पहनने के नियम बताए गए हैं, उनका पालन करें और परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं। देर से आने वालों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। अब जानिए, परीक्षा के ड्रेस कोड के बारे में महिलाओं के लिए: लाख या कांच की पतली चूड़ियों के अलावा कोई और गहना न पहनें। परीक्षा केंद्र में घड़ी, धूप का चश्मा, बेल्ट, बैग, हेयर पिन, ताबीज, टोपी, स्कार्फ, शॉल या मफलर पहनकर न आएं। सलवार सूट या साड़ी पहनें, आधी आस्तीन का कुर्ता/ब्लाउज पहनें। हवाई चप्पल/स्लीपर पहनें और बालों में साधारण रबर बैंड लगाएं। पुरुषों के लिए: आधी आस्तीन की शर्ट/टी-शर्ट/कुर्ता और पायजामा पहनें। हवाई चप्पल या स्लीपर पहनकर आएं। 2 शिफ्ट में होगी परीक्षा परीक्षा में करीब 18 हजार 18 प्रति पारी में अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। परीक्षा को सुचारू और सुव्यवस्थित तरीके से करवाने के लिए परीक्षा की नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को लगाया गया है। जिनकी सहायतार्थ जिले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी, पुलिस निरीक्षक और उप निरीक्षक को लगाया गया है। परीक्षा आयोजित करवाने वाली एजेंसी की ओर से परीक्षा केंद्रो पर केंद्राधीक्षक और पर्यवेक्षक(सुपरवाइजर) लगाए गए हैं। परीक्षार्थियों के बायोमैट्रिक मिलान करके परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर लगाया गया है। परीक्षा की ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल की अनुमति नहीं दी गई है। जिन परीक्षार्थियों के पूर्व में प्रकरण पंजीबद्ध है एवं चालानशुदा है, उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ताकि क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे। अवैध गतिविधि में संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्र के आसपास यातायात का सुचारू प्रवाह बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार पर्याप्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। परीक्षा के समय कानून व्यवस्था, यातायात और गश्त की उचित व्यवस्था की गई है। होटल/धर्मशाला और परीक्षा केंद्रों के पास साइबर कैफे/ई-मित्र कियोस्क / फोटो स्टेट की दुकान आदि पर निगरानी रखी जा रही है। संध्या कालीन सघन गश्त एवं नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है।