अलवर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार-शनिवार को आधा दर्जन स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस दौरान राजस्थान से बाहर की 10 से ज्यादा युवतियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को इन स्पा सेंटर्स पर अनैतिक काम होने की सूचना मिली थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और संचालकों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। दो जगहों से 5 युवतियों को किया डिटेन अलवर शहर में शनिवार को पुलिस ने शिवाजी पार्क क्षेत्र में सवेरा कॉफी कैफे और फैमिली थाई स्पा सेंटर से 5 युवतियों को डिटेन किया है। इससे पहले शुक्रवार को मनुमार्ग के आसपास के स्पा सेंटर से भी 6 युवतियों को पुलिस लेकर आई थी, जिनका मेडिकल कराया गया है। अब उनको कोर्ट में पेश किया जाएगा। सिटी सीओ अंगद शर्मा ने बताया कि मनुमार्ग के आसपास कई स्पा सेंटर पर अनैतिक काम होने की सूचना मिली थी। उसके बाद पुलिस ने छापा मारा है। कुछ युवतियों को पुलिस लेकर आई है। पुलिस का कहना कि अनैतिक काम होने की सूचना थी, लेकिन मौके से कुछ ऐसा जब्त नहीं हुआ है। युवतियों को पुलिस थाने लेकर आई है। उनसे पूछताछ कर आगे कार्रवाई की जाएगी।