अलवर सदर थाना क्षेत्र के कारौली स्टैंड के समीप शनिवार सुबह दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने की भिड़ंत में 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रोड जाम कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आमजन से समझाइश कर रास्ता खुलवाया। टैक्टर के नीचे दबने से मौत पुलिस के अनुसार, विजय मंदिर थाना क्षेत्र के खेकड़ा उलाहेड़ी गांव निवासी वाजिब (19) पुत्र आसिफ खान शनिवार सुबह अपने घर का ट्रैक्टर लेकर चिकानी से गांव की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कारौली स्टैंड के पास सामने से आ रहा भूसे से भरा एक अन्य ट्रैक्टर सड़क पर काफी जगह घेरकर चल रहा था। खुद को बचाने के प्रयास में वाजिब ने अपने ट्रैक्टर को साइड में लेने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वाजिब ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और अपने ही ट्रैक्टर की ट्रॉली के टायर के नीचे आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि बाजिब तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह 12वीं का छात्र था और पढ़ाई में होनहार था। उसके दोनों बड़े भाई मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे अलवर-सिकंदरा मार्ग पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है।