अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के निवाली गांव में 26 साल के ट्रैक्टर ड्राइवर की 11 हजार केवी बिजली की लाइन के करंट से मौत हो गई। ट्रैक्टर ट्रॉली में सरसों की तूड़ी भरते समय करंट को छू गया। जिससे गंभीर हालत में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक युवक रामवीर जाटव पुत्र रूप सिंह के भाई ने बताया कि नौगांवा थाना क्षेत्र के चिड़ावा गांव निवासी 26 वर्षीय रामवीर जाटव पुत्र रूप सिंह ट्रैक्टर चलाने का कार्य करता था। शनिवार शाम वह रामगढ़ के निवाली गांव में ट्रैक्टर के ऊपर चढ़कर तूड़ी भर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की विद्युत लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। करंट के झटके से दूर जाकर गिरा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत रामगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अलवर रेफर कर दिया गया। अलवर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक रामवीर जाटव के एक छोटा बच्चा भी है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है ।