अलवर जिले में शुक्रवार सुबह से ही गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। पिछले दो दिनों से बारिश नहीं होने के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह तेज धूप और आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिली। शहरवासी अब अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इस बार मानसून का प्रदर्शन पिछले साल की तुलना में काफी कमजोर रहा है। जून-जुलाई के दौरान पिछले साल जिले में 544.30 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, जबकि इस साल अब तक केवल 159.15 मिमी वर्षा हुई है। वहीं सामान्य मानसूनी औसत 330.56 मिमी के मुकाबले अब तक केवल 135.62 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। यानी जिले में अब तक करीब 58 प्रतिशत कम बरसात दर्ज हुई है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर यह अंतर कुछ हद तक कम हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार- 17 से 19 जुलाई तक जिले में आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 20 से 22 जुलाई के बीच मौसम में बदलाव के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। इस अवधि के लिए आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग लगातार बदलते मौसम के अनुसार अपने पूर्वानुमान में भी संशोधन कर रहा है। गुरुवार तक केवल बादल छाए रहने का अनुमान था, जबकि शुक्रवार के अपडेट में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना भी जोड़ दी गई है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।