अलवर में मौसम इन दिनों लगातार करवट बदल रहा है। कभी घने बादल छा रहे हैं तो कभी तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। शनिवार रात भी शहर के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी रही, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से दिनभर चिपचिपी गर्मी का असर रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार रविवार को जिले में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। वहीं 22 जुलाई से जिले में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। इस बार जिले में मानसून की बारिश सामान्य से काफी कम रही है। पिछले वर्ष की तुलना में अब तक आधी भी बारिश नहीं होने से किसानों के साथ-साथ प्रकृति प्रेमियों की चिंता बढ़ गई है। अच्छी बारिश होने पर सरिस्का, सिलीसेढ़ झील, बालाकिला और जिले के वाटरफॉल पर्यटकों से गुलजार हो जाते हैं। वहीं नदियों, बांधों और जलाशयों के भरने का इंतजार भी लोगों को है। अब सभी की नजरें मानसून के फिर से सक्रिय होने और अच्छी बारिश पर टिकी हैं।