अलवर जिले में सोमवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के चलते बारिश के कयास लगाए जा रहे हैं। रविवार को बादल छाने के बावजूद शहर में बारिश नहीं हुई थी हालांकि जिले के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई, लेकिन सोमवार सुबह से मौसम को देखते हुए लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में 20 से 22 जुलाई तक बारिश की संभावना है और येलो अलर्ट जारी किया गया है। यदि बारिश होती है तो पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार मानसून अब तक कमजोर बना हुआ है। 19 जुलाई तक जिले में औसतन 146.08 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 41.34 प्रतिशत कम है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।