डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर डीडवाना में 11 से 14 अप्रैल 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार इन कार्यक्रमों की तैयारियां जिला प्रशासन ने शुरू कर दी हैं। जिला कलेक्टर अवधेश मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर विकास मोहन भाटी ने सभी उपखंड अधिकारियों (एसडीएम), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रमों की शुरुआत 11 अप्रैल को कलेक्ट्रेट सभागार में ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से होगी। इसी दिन जिले के सभी राजकीय कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में भी विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। 12 अप्रैल को स्कूलों और कॉलेजों में डॉ. अम्बेडकर के जीवन परिचय और संविधान जागरूकता पर आधारित 'संविधान को जानें' ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता 12 से 14 अप्रैल तक जारी रहेगी। 13 अप्रैल को टाउन हॉल में बाबा साहेब के सामाजिक न्याय के विचारों पर संगोष्ठी, व्याख्यान, चलचित्र प्रदर्शन, स्वच्छता कार्यक्रम और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अतिरिक्त, अम्बेडकर एवं संविधान विषय पर निबंध, लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। 14 अप्रैल को मुख्य समारोह के तहत बाबा साहेब की प्रतिमा और फोटो पर माल्यार्पण किया जाएगा। साथ ही, संविधान की प्रस्तावना का वाचन और संविधान शपथ दिलाई जाएगी। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉक मुख्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में आयोजित होगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में होगा।