राजाखेड़ा के अम्बिका माता मंदिर सामौर में महाराणा प्रताप जयंती पर विशाल सभा और शोभायात्रा निकाली। इस दौरान बाइक और चार पहिया वाहनों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें महाराणा प्रताप के जयकारे लगाए गए। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने सर्व समाज को साथ लेकर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब लड़ने का नहीं, बल्कि शिक्षा पर जोर देने और समाज को एकजुट करने का समय है। पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा का भी भव्य स्वागत किया गया। मलिंगा ने अपने संबोधन में 'कोठियों' पर निशाना साधा और कहा कि वह किसी से नहीं डरते। उन्होंने समाज से आग्रह किया कि सभी समाजों को साथ लेकर चलें, दूसरों की मदद करें और किसी के साथ अन्याय न करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई गलत करेगा तो वह उसका साथ नहीं देंगे। राजाखेड़ा के पूर्व भाजपा उपाध्यक्ष नागवेंद्र चौहान ने महाराणा प्रताप के विचारों पर बात करते हुए कहा कि हमें उनके आदर्शों का पालन करना चाहिए, जिन्होंने सर्व समाज के लिए संघर्ष किया और घास की रोटियां खाईं। उन्होंने सभी समाजों को साथ लेकर चलने की बात दोहराई। धौलपुर के पूर्व प्रधान मोनू जादौन ने ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन और बच्चों को इतिहास से अवगत कराने की आवश्यकता पर बल दिया। राजा भैया ने भी सभी को एक मंच पर आने का आह्वान किया।