राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में गर्भवती महिला की मौत के बाद हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन की शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। सिटी थाना पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मौके के फोटो, वीडियो भी देखे जा रहे हैं। वीडियो के आधार पर हंगामा करने वालों, तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है। सोमवार शाम अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत हुई थी। मंगलवार को महिला के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। यहां हंगामा हुआ। एमसीएच बिल्डिंग की खिड़की के शीशे तोड़ दिए गए। एक निजी एंबुलेंस को भी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस अब अस्पताल में हंगामा करने वालों, व्यवस्थाएं बाधित करने वालों की पहचान कर रही है।