अमृतकौर अस्पताल की गायनिक विंग स्थित आईसीटीसी कक्ष में गुरुवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। पंखे में लगी आग पर कर्मचारियों ने समय रहते काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार सुबह सफाई के लिए पहुंचे स्टाफ ने जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला, अंदर धुआं भरा हुआ मिला। इससे स्टाफ में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियों के कारण नीचे रखी एक कुर्सी ने भी आग पकड़ ली थी। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कुछ ही देर में उस पर नियंत्रण पा लिया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बिजली व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए गए हैं।