श्रीगंगानगर। केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय के ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के तहत जिले में ऐतिहासिक पांडुलिपि विरासत का सर्वेक्षण, संरक्षण और डिजिटलाइजेशन किया जाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थाओं, मंदिरों, मठों, पुस्तकालयों और निजी संग्रहकर्ताओं के पास मौजूद विभिन्न विषयों की पांडुलिपियों का डेटाबेस तैयार किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने इस काम के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सीईओ जिला परिषद और सभी एसडीएम को जिम्मेदारी दी गई है। स्कूलों में सीडीईओ को जिम्मा दिया गया है। शहरी क्षेत्रों में नगर परिषद आयुक्त को जिम्मेदारी दी गई है। कॉलेजों में प्राचार्यों को जानकारी जुटाने का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा जनसंपर्क विभाग और पुस्तकालयाध्यक्ष भी शोधकर्ताओं व एनजीओ से संपर्क करेंगे। ये सभी अधिकारी जानकारी प्राप्त करेंगे।