असम में विधानसभा चुनाव होने के बाद आज मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा सीकर के खाटूश्याम मंदिर में पहुंचे। यहां पर उन्होंने पूजा-अर्चना करके देश की खुशहाली की कामना की। मंदिर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान ने उन्हें पूजा अर्चना करवाई। इस दौरान कोषाध्यक्ष रविंद्र प्रताप सिंह चौहान भी मौजूद रहे। हिमंता बिस्वा शर्मा ने कहा कि मैं बाबा के दरबार में हमेशा आता रहता हूं। अब चुनाव खत्म होने के बाद यहां पर आया हूं। उसके बाद सालासर में जाने का कार्यक्रम है। शर्मा ने कहा कि मेरा मानना है कि असम में बीजेपी बड़ी जीत हासिल करेगी। वहां पर 126 सीट है। इस बार 90 से 100 सीट के बीच बीजेपी जीत हासिल करेगी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा लगाए गए आरोपों पर शर्मा ने कहा कि यह मंदिर है यहां पर ज्यादा राजनीति की बात नहीं करना चाहता। लेकिन जो भी काम किए वह फोटोशॉप,AI से करके सारे झूठे कागज बनाए। मुझे लगता है कि कानून अपना काम करेगा।